Posted By : Admin

दिल्ली के रोहिणी में युवक की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात रोहिणी सेक्टर-18 इलाके में सामने आई है। मृतक की पहचान चंदन झा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।

पुलिस को शाम करीब 6:22 बजे पीसीआर कॉल के जरिए फायरिंग की सूचना मिली। कॉल में बताया गया कि समयपुर बादली इलाके में बाबा नगर रोड के पास गोलीबारी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल चंदन को अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लगातार दागी गईं गोलियां
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बादली मेट्रो स्टेशन के पास चंदन पर ताबड़तोड़ 7 से 8 राउंड फायरिंग की। गोलियों की बौछार से चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।

जांच के लिए जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आईपीसी की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। दिल्ली में इस प्रकार की बढ़ती आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।

Share This