Posted By : Admin

CM योगी ने बर्ड फ्लू की स्थिति पर जताई चिंता, अधिकारियों के साथ की बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एच5 एवियन इंफ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) की संभावित आशंका को गंभीरता से लेते हुए आज अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि राज्य के सभी प्राणी उद्यानों, पक्षी विहारों, नेशनल पार्कों, वेटलैंड क्षेत्रों तथा गो-आश्रय स्थलों में पशु-पक्षियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइनों का कड़ाई से पालन करते हुए हर जरूरी कदम तुरंत उठाया जाए।

प्राणी उद्यानों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त हो
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी प्राणी उद्यान परिसरों को नियमित रूप से सैनिटाइज किया जाए। जहां आवश्यक हो वहां ब्लो टॉर्चिंग की प्रक्रिया भी अपनाई जाए। सभी पक्षियों और वन्य जीवों की स्वास्थ्य जांच कराई जाए और उनके भोजन की गुणवत्ता की पूर्ण जांच के बाद ही उन्हें आहार दिया जाए। इसके साथ ही, कर्मचारियों को एवियन फ्लू के बारे में पूरी जानकारी दी जाए तथा उन्हें पीपीई किट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण प्रदान किए जाएं। बाड़ों में काम करने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी इस संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए तय की जाए।

पोल्ट्री फार्म और उत्पादों पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि राज्य के सभी पोल्ट्री फार्मों की निगरानी तय मानकों के अनुसार की जाए। पोल्ट्री उत्पादों की आवाजाही पर विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि वायरस के प्रसार पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बर्ड फ्लू के मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की गंभीर समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी प्रकार से यह संक्रमण मानव समाज तक न पहुंचे।

सुरक्षा प्रशिक्षण और समन्वय पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र, स्वास्थ्य मंत्रालय, मत्स्यपालन व डेयरी विभाग, और भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर (बरेली) से निरंतर संवाद बनाकर सलाह ली जाए और समय पर उसे लागू किया जाए।इसके साथ ही, जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाया जाए ताकि सभी सुरक्षा उपाय प्रभावी ढंग से लागू हो सकें।

Share This