Posted By : Admin

UP : तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा रूपापुर-पाली मार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।

इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान हरपालपुर क्षेत्र के कनत्थू खेड़ा गांव निवासी हिमा सिंह के रूप में हुई है, जो अपने एक साथी के साथ रूपापुर से पाली की ओर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायर ब्रिगेड की गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रही बाइक को सीधा टक्कर मारते हुए काफी दूर तक घसीटती रही। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।

घायल युवकों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं फायर ब्रिगेड की गाड़ी में सवार सवायजपुर फायर स्टेशन के प्रभारी चौहान गौतम को भी चोटें आईं हैं, हालांकि अन्य कर्मी सुरक्षित हैं।

हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दमकल वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

शाहाबाद क्षेत्र के सीओ अनुज मिश्रा ने बताया कि पाली-रूपापुर मार्ग पर फायर ब्रिगेड और मोटरसाइकिल के बीच हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Share This