Posted By : Admin

पुलवामा में चल रही मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया, दो की घेराबंदी

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प ले लिया है। इसके तहत पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। सुरक्षाबल आतंकियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रहे हैं और कई जगहों पर मुठभेड़ में आतंकियों को मार गिराया गया है। इसी सिलसिले में अब पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र में भी एक भीषण एनकाउंटर हो रहा है।

त्राल के नादिर गांव में चल रही है गोलीबारी
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ पुलवामा जिले के त्राल के नादिर गांव में हो रही है, जो दक्षिण कश्मीर का संवेदनशील इलाका है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि इलाके में 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं। सेना, CRPF और पुलिस की संयुक्त टीम आतंकियों को घेरने में जुटी हुई है और ऑपरेशन लगातार जारी है।

पुलिस ने दी आधिकारिक जानकारी
इस मुठभेड़ को लेकर कश्मीर जोन की पुलिस ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस ने कहा, “अवंतीपोरा के नादेर, त्राल इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है। सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।”

शोपियां में लश्कर के तीन आतंकी मारे गए
इससे पहले मंगलवार को शोपियां जिले के केलर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकियों को ढेर कर दिया था। सेना के अनुसार, यह कार्रवाई एक विशेष ऑपरेशन के तहत की गई थी। राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और तीन आतंकियों को मार गिराया गया। ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Share This