Posted By : Admin

वीएचपी पदाधिकारी की गिरफ्तारी से बरेली में हंगामा, हिंदू संगठनों ने धर्मपाल सिंह पर निशाना साधा

सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पदाधिकारी आशीष हिंदू की गिरफ्तारी के विरोध में विभिन्न हिंदू संगठनों ने तहसील और थाना परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की। आक्रोशित भीड़ ने राज्य के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का पुतला फूंकते हुए उन पर दबाव बनाकर कार्रवाई करवाने का आरोप लगाया।

बताया गया कि कोतवाली में तैनात दरोगा सचिन कुमार ने आशीष हिंदू के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में पुलिस ने सोमवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिससे हिंदू संगठनों में भारी रोष व्याप्त हो गया।

विरोध-प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने सरकार पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी पूरी तरह राजनीतिक दबाव में की गई है।

प्रदर्शन में संजय सिंह भदौरिया (जिला अध्यक्ष, VHP), जयदीप पाराशरी, तुलसी हिंदू, विमल गुप्ता, अश्वनी भदौरिया, गोपाल सिंह फौजी, अंकुर अग्रवाल, पंकज खंडेलवाल, धर्मवीर, सुनील गुप्ता, पवन हिंदू, विवेक खंडेलवाल, आयुष गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जब मीडिया ने इस मामले में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह से सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बयानबाज़ी टकराव की स्थिति पैदा कर सकती है, इसलिए ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि गिरफ्तारी कानून के दायरे में रहकर की गई है और किसी के साथ भी पक्षपात नहीं हुआ है। साथ ही प्रशासन ने सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Share This