गोरखपुर के निवासियों के लिए राहत की खबर है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) जल्द ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लोगों को सस्ते मकान उपलब्ध कराने जा रहा है। जून महीने में इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ये आवास गोरखपुर के अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) के पास स्थित पाम पैराडाइज योजना में बनाए गए हैं। इस योजना को निजी बिल्डरों ने विकसित किया है, जिसमें नियमों के अनुसार 10% मकान ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
पहले चरण में यहां 80 मकान ईडब्ल्यूएस और 80 मकान एलआईजी श्रेणी के बनाए गए हैं। इनका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इन्हें जीडीए को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद GDA इनका आवंटन शुरू करेगा।
क्या होगी कीमत?
- EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग): ₹6 लाख से ₹6.5 लाख
- LIG (निम्न आय वर्ग): लगभग ₹10 लाख
आवेदन प्रक्रिया
- आवेदन केवल ऑनलाइन किए जा सकेंगे।
- आवेदन के लिए एक महीने का समय मिलेगा।
- सभी आवासों का आवंटन ई-लॉटरी के जरिए होगा।
- EWS के लिए आवेदक की वार्षिक आय अधिकतम ₹3 लाख होनी चाहिए।
- LIG के लिए वार्षिक आय ₹3 लाख से ₹6 लाख के बीच होनी चाहिए।
- आय प्रमाण पत्र अनिवार्य है, इसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
कुल 180 मकानों का होगा आवंटन
पाम पैराडाइज योजना के तहत कुल 180 मकान बनाए गए हैं। जीडीए अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया है और निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जीडीए के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन सिंह ने बताया कि मकानों को जल्द ही प्राधिकरण को हैंडओवर किया जाएगा, जिसके बाद आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
यह योजना गोरखपुर के अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है, क्योंकि लंबे समय बाद GDA द्वारा इस तरह की सस्ती आवास योजना लाई जा रही है।

