श्रीकृष्ण की पावन भूमि मथुरा को एक नई सौगात मिलने जा रही है। गोवर्धन रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अब पूर्ण हो चुका है और इसे 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को समर्पित करेंगे। लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यह विकास कार्य ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत किया गया है, जिसका उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक रूप देना और यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करना है।
पुनर्निर्माण के बाद गोवर्धन रेलवे स्टेशन में कई अत्याधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं। स्टेशन पर अब नया प्रवेश और निकासी द्वार, उन्नत प्लेटफॉर्म, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, अत्याधुनिक शौचालय, प्लास्टिक बोतल नष्ट करने की मशीन, डिजिटल टिकट प्रणाली और बेहतरीन रोशनी की व्यवस्था की गई है।
धार्मिक दृष्टिकोण से गोवर्धन क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह स्थान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ा हुआ है और हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन व परिक्रमा के लिए आते हैं। इस नवविकसित रेलवे स्टेशन से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और यह धार्मिक पर्यटकों के लिए आकर्षण का एक नया केंद्र बनेगा।
नए स्टेशन से मथुरा, आगरा, प्रयागराज, कानपुर, जयपुर, अलवर, भिवानी, बीकानेर और राजधानी दिल्ली सहित कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल यात्रा सुगम होगी बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
रेल मंत्रालय की यह पहल न केवल यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगी, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगी। नए स्टेशन के निर्माण से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पूरे क्षेत्र के विकास में गति आएगी। सरकार का उद्देश्य साफ-सुथरे, सुरक्षित और आधुनिक स्टेशनों के माध्यम से यात्रा को सहज और सुखद बनाना है।

