Posted By : Admin

नेहा सिंह राठौर के खिलाफ वाराणसी में FIR, प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी बनी वजह

बिहार की चर्चित लोकगीत गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उनके खिलाफ वाराणसी के लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह शिकायत हनुमान सेना (एक सामाजिक संगठन) के अध्यक्ष सुधीर सिंह द्वारा की गई है। शिकायत में नेहा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसमें आपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि नेहा सिंह राठौर ने प्रधानमंत्री और वाराणसी से सांसद नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक वीडियो बनाया है, जिसमें उन्होंने अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि इस वीडियो को पाकिस्तान में वायरल किया जा रहा है।

सुधीर सिंह ने कहा कि नेहा लगातार ऐसे वीडियो बनाकर प्रधानमंत्री की छवि को धूमिल कर रही हैं, जिससे न केवल वाराणसी की जनता की भावनाएं आहत हो रही हैं, बल्कि पूरे देश का अपमान हो रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह वीडियो पाकिस्तान की मीडिया और टीवी चैनलों पर लगातार प्रसारित हो रहा है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि देश के अंदर मौजूद कुछ तथाकथित देशविरोधी तत्व नेहा सिंह राठौर को आर्थिक मदद देकर उनके ऐसे वीडियो को फैलाने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि इस गंभीर मसले को देखते हुए नेहा सिंह राठौर पर देशद्रोह जैसी धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।

गौरतलब है कि इससे पहले भी नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। यह मामला जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उनके द्वारा बनाए गए एक वीडियो को लेकर दर्ज किया गया था, जिसमें देशद्रोह और आईटी एक्ट की धाराएं लगाई गई थीं।

Share This