Posted By : Admin

यूपी में खराब मौसम का कहर, आंधी-बारिश से 19 मौतें, मुख्यमंत्री ने दिए दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से उत्पन्न हालात को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिलों के अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लें, नुकसान का आकलन करें और राहत कार्यों की सघन निगरानी करें। यदि तेज बारिश, तूफान या आकाशीय बिजली की चपेट में आकर किसी व्यक्ति या पशु की मृत्यु होती है, तो तुरंत राहत राशि प्रदान की जाए और घायलों को उचित उपचार मिले।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फसल क्षति के आकलन के बाद तत्काल रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि आगे की मदद व मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू की जा सके। जल-जमाव की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश से प्रदेश में 19 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पेड़ों के गिरने और टिन की छतें उड़ने से हादसे हुए हैं। दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिला है। इस मौसमी बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आई है और आम की फसलों को नुकसान पहुँचने की आशंका जताई जा रही है।

इधर, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर सहित कई अन्य जिले शामिल हैं।

Share This