Posted By : Admin

RCB ने प्लेऑफ की तैयारी में मारी बाज़ी, दमदार बल्लेबाज को किया टीम में शामिल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम ने आईपीएल 2025 के लीग चरण में अब तक 12 में से 8 मैच जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम की कप्तानी रजत पाटीदार कर रहे हैं और अब आरसीबी का लक्ष्य लीग स्टेज में टॉप-2 में रहकर खत्म करना है ताकि क्वालिफायर-1 में खेलने का मौका मिल सके। इसी बीच, प्लेऑफ से पहले टीम ने एक नया रिप्लेसमेंट खिलाड़ी भी जोड़ा है। न्यूजीलैंड के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट को 2 करोड़ रुपए की कीमत पर स्क्वाड में शामिल किया गया है।

आईपीएल लगभग एक सप्ताह के लिए स्थगित रहने के बाद 17 मई से फिर शुरू हुआ, जिसमें बाकी बचे मैचों का नया शेड्यूल घोषित किया गया। इसी दौरान कई टीमों को खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आरसीबी के जैकेब बेथेल, जो लीग के अंत होते ही राष्ट्रीय दायित्व के कारण इंग्लैंड लौट जाएंगे, उनकी जगह टिम सीफर्ट टीम में शामिल किए गए हैं। टिम सीफर्ट पहले दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी आईपीएल खेल चुके हैं, जहां उन्होंने तीन मैचों में कुल 26 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड के इस विकेटकीपर बल्लेबाज का टी20 क्रिकेट में अनुभव काफी बड़ा है। उन्होंने अब तक 262 टी20 मैचों में 27.65 के औसत से 5862 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 133.07 है। फिलहाल वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में कराची किंग्स की टीम का हिस्सा हैं और उम्मीद है कि वह आरसीबी के आखिरी लीग मुकाबले तक टीम से जुड़ जाएंगे।

Share This