Posted By : Admin

शुभमन गिल और साईं सुदर्शन के धमाके से हिल सकता है 9 साल पुराना रिकॉर्ड, इतिहास रचने की तैयारी

आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस की टीम ने पिछली सीजन की खराब प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए इस बार शानदार वापसी की है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने अब तक जबरदस्त खेल दिखाया है और प्लेऑफ में अपनी जगह लीग स्टेज खत्म होने से पहले ही सुनिश्चित कर ली है। गुजरात ने इस सीजन अभी तक कुल 12 मैच खेले हैं, जिनमें से 9 में उन्हें जीत मिली है। अब टीम की नजरें अपने बचे हुए दोनों मैच जीतकर अंकतालिका में शीर्ष दो स्थानों पर रहते हुए लीग चरण खत्म करने पर होंगी।

गुजरात टाइटंस की इस शानदार सफलता का बड़ा श्रेय उनकी ओपनिंग जोड़ी – शुभमन गिल और साई सुदर्शन – को जाता है। दोनों बल्लेबाजों ने इस सीजन में शुरुआत से ही जबरदस्त लय दिखाई है। अब तक खेले गए 12 मैचों में गिल और सुदर्शन की जोड़ी ने 76.27 की शानदार औसत से कुल 839 रन जोड़े हैं। इस दौरान इस जोड़ी ने तीन शतकीय और चार अर्धशतकीय साझेदारियाँ की हैं, जिनमें सबसे बड़ी साझेदारी 205 रनों की रही।

अब शुभमन गिल और साई सुदर्शन के पास एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है। आईपीएल के एक सीजन में किसी भी जोड़ी द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2016 में एक साथ 939 रन बनाए थे। गिल-सुदर्शन की जोड़ी इस रिकॉर्ड से महज 101 रन पीछे है और अगर वे अपना मौजूदा फॉर्म बनाए रखते हैं, तो यह रिकॉर्ड टूट सकता है।

साई सुदर्शन इस सीजन में अब तक 12 मैचों में 56.09 की औसत से 617 रन बनाकर ऑरेंज कैप होल्डर बने हुए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने 12 मैचों में 60.10 की औसत से 601 रन बनाए हैं और वे इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। उनके बल्ले से छह अर्धशतक निकले हैं।

गुजरात टाइटंस अब अपना अगला लीग मुकाबला 22 मई को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ खेलेगी, जहां उनकी नजरें जीत के साथ टॉप-2 में जगह पक्की करने पर होंगी और साथ ही गिल-सुदर्शन की जोड़ी इतिहास रचने की ओर कदम बढ़ाएगी।

Share This