लखनऊ। इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (IACC), नॉर्थ इंडिया काउंसिल द्वारा राजधानी लखनऊ में ‘राइजिंग यूपी – 8 साल उन्नति के’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सेमिनार में उत्तर प्रदेश की बीते आठ वर्षों की प्रगति, कानून व्यवस्था, औद्योगिक विकास, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि और सांस्कृतिक उपलब्धियों पर चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।मुख्य अतिथि जितिन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश’ बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में सड़क, एक्सप्रेसवे, लॉ एंड ऑर्डर और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि आतंकवाद पर नियंत्रण से आर्थिक स्थिरता को बढ़ावा मिला है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीते आठ वर्षों में कानून व्यवस्था में सुधार के साथ ही रोजगार और निवेश के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 96 लाख MSME यूनिट्स कार्यरत हैं, और निर्यात 2 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि ODOP (One District One Product) योजना के माध्यम से यूपी को वैश्विक पहचान मिली है।
राज्य मंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह ने कृषि और खाद्य प्रसंस्करण पर बल देते हुए कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए व्यवसायिक खेती और अधिक से अधिक खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना आवश्यक है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से किसानों की उपज का मूल्य संवर्धन करने की अपील की।
सेमिनार में डॉ. नीलम, एस.के. चौहान, मनोज सिंह (सेवानिवृत्त IAS), प्रवीर कुमार (सेवानिवृत्त IAS), पूर्व डीजीपी ओ.पी. सिंह, डॉ. मयंक सोमानी, धर्मेंद्र सिंह, अन्नू अवस्थी, राजकुमार सिंह, प्रो. शालिनी सिंह बिसेन समेत कई विशिष्ट जनों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर गीतकार एवं लेखक मनोज मुंतशिर को ‘उत्तर प्रदेश के गौरव’ के रूप में सम्मानित किया गया।
चैंबर के चेयरमैन मुकेश सिंह, डॉ. उपासना अरोरा, रीना सिंह, कशिश त्यागी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुशलता से किया गया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आईएसीसी लखनऊ चैप्टर की चेयरपर्सन श्रीमती रीना सिंह ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।यह आयोजन प्रदेश की विकास यात्रा का उत्सव बना और यह स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश अब राष्ट्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर चुका है।

