अमेठी जनपद के मोहनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलोई कस्बे में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शराब के ठेके के पास दो टैंकरों की आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एक टैंकर कानपुर की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा टैंकर इन्हौना की ओर से तिलोई की तरफ बढ़ रहा था। तिलोई तिराहे पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहनगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक की पहचान कस्बा जायस निवासी 32 वर्षीय अवधेश सोनकर के रूप में हुई है। मोहनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
यह हादसा स्थानीय लोगों के बीच दहशत का कारण बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

