आईपीएल 2025 खत्म होने के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी। दोनों टीमों के बीच 20 जून से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस टेस्ट सीरीज के लिए मेंस सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने 24 मई को टीम इंडिया का चयन किया, जिसमें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जगह नहीं दी गई है। शमी के चयन को लेकर पहले कई चर्चा चल रही थी, लेकिन टीम की घोषणा के बाद चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने इस फैसले की वजह स्पष्ट की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शमी के चयन को लेकर सवाल पूछे जाने पर अजीत अगरकर ने बताया कि मेडिकल टीम की रिपोर्ट के अनुसार शमी इस सीरीज से बाहर हैं। इंग्लैंड दौरे के लिए वह फिट होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पिछले सप्ताह उनकी तबीयत खराब होने के कारण उन्हें एमआरआई करवानी पड़ी। अगरकर का मानना है कि शमी पूरे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए फिट नहीं हो पाएंगे। शुरू में उन्हें उम्मीद थी कि शमी कुछ मैच जरूर खेल पाएंगे, लेकिन अगर वह समय से ठीक नहीं होते तो टीम के लिए इंतजार करना मुश्किल हो जाता। टीम को यह बहुत अफसोसजनक लगता है क्योंकि वे चाहते थे कि शमी इस दौरे के लिए टीम का हिस्सा हों।
शमी का फॉर्म भी चिंता का विषय है
मोहम्मद शमी ने पिछले लगभग दो सालों में भारत के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। उनका आखिरी टेस्ट मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था। चोट के कारण वे करीब 14 महीने तक टीम से बाहर रहे। जनवरी 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद शमी अभी तक गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। आईपीएल 2025 में भी उनका प्रदर्शन कमजोर रहा है, जहां उन्होंने नौ मैचों में सिर्फ छह विकेट लिए। इसी कारण इस अनुभवी तेज गेंदबाज को इस बार टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली।

