
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे और हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दरबार में भी मत्था टेकेंगे। सपा प्रमुख के इस दौरे में उनकी पत्नी और सांसद डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी साथ रहेंगे। पार्टी की ओर से बताया गया है कि अखिलेश यादव अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे।
सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी दी। उनके मुताबिक, सपा प्रमुख 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ रामनगरी पहुंचेंगे। इस दौरान उनका कार्यक्रम धार्मिक रहेगा और वह मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे।
अखिलेश यादव सबसे पहले राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी जाएंगे। अयोध्या प्रवास के दौरान उनकी मुलाकात साधु-संतों और महंतों से भी होगी। पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव संतों से आशीर्वाद लेंगे और उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।
अखिलेश यादव का यह पारिवारिक दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब अयोध्या में धार्मिक गतिविधियों और राम मंदिर को लेकर देशभर में चर्चा बनी हुई है। फिलहाल पार्टी की ओर से इस दौरे को धार्मिक कार्यक्रम बताया गया है। 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन, हनुमानगढ़ी में पूजा और संतों से मुलाकात उनके कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।



