पटना में छात्रों का हल्लाबोल, सीएम आवास घेराव मार्च के दौरान पुलिस से झड़प
पटना में छात्रों के ‘मुख्यमंत्री आवास घेराव’ मार्च के दौरान सोमवार को उस समय हंगामा हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च शुरू किया था। रास्ते में पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने छात्रों को प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। हालांकि, छात्र लगातार आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।
डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि पुलिस प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने देगी। उन्होंने बताया कि छात्रों के साथ अधिकारियों की बातचीत हुई है और बातचीत सकारात्मक रही है। पुलिस को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद छात्र अपना मार्च रोक देंगे। हालांकि, अगर प्रदर्शनकारी नहीं मानते हैं तो उन्हें आगे बढ़ने से रोका जाएगा।
छात्रों की प्रमुख मांगों में 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करना, TRE-4 शिक्षक भर्ती में एकल परीक्षा आयोजित करना, पीटी-मेंस की व्यवस्था हटाना और नए प्रयोग TRE-5 से लागू करना शामिल है। इसके अलावा छात्र परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग खत्म करने, BPSC और दारोगा समेत सभी सरकारी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा डोमिसाइल नीति और आयु सीमा में बदलाव की मांग कर रहे हैं।
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि सरकारी भर्तियों में अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में भी राहत मिलनी चाहिए। छात्रों ने TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा में पीटी-मेंस व्यवस्था और निगेटिव मार्किंग को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
बताया जा रहा है कि छात्रों की कुछ मांगों को लेकर सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए और मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया। फिलहाल पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति के बीच पुलिस छात्रों को प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर जाने से रोकने में जुटी है।