यूट्यूबर वैष्णवी की मौत के 4 महीने बाद पति हरिबाबू की हत्या, भाई संतोष ने ली जिम्मेदारी
तेलंगाना में यूट्यूबर वैष्णवी की मौत के करीब चार महीने बाद उसके पति चित्तरी हरिबाबू (26) की भी हत्या कर दी गई। निजामाबाद में हुई इस वारदात के बाद वैष्णवी हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हरिबाबू की हत्या के मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया, जब वैष्णवी के भाई संतोष ने एक सेल्फी वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
वीडियो में संतोष ने कथित तौर पर कहा कि उसने ही हरिबाबू की हत्या की है। उसने यह भी दावा किया कि वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करेगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हरिबाबू पर गुरुवार दोपहर निजामाबाद शहर के राजराजेंद्र चौराहे के पास हमला किया गया। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह वहां मक्के की भुट्टियां बेच रहा था। इसी दौरान उसे प्यास लगी और वह पास की एक चाट की दुकान के पास चला गया। तभी कार से आए कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों में से एक व्यक्ति कार से बाहर निकला और धारदार हथियार से हरिबाबू के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
हरिबाबू की हत्या ने करीब चार महीने पहले हुई वैष्णवी की मौत के मामले को भी फिर से सुर्खियों में ला दिया है। वैष्णवी चार महीने की गर्भवती बताई गई थी और उसकी मौत के मामले में उसके पति हरिबाबू पर आरोप लगा था। इस मामले में हरिबाबू को जेल भी जाना पड़ा था और बाद में वह जमानत पर बाहर आया था।
अब हरिबाबू की हत्या और वैष्णवी के भाई संतोष के कथित कबूलनामे वाले वीडियो के सामने आने से पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता, हत्या की वजह, घटना में शामिल लोगों और वैष्णवी की मौत से इसके संभावित संबंध की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।