नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग, तेज धमाके से मची अफरा-तफरी
उत्तर प्रदेश के नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर-148 के पास चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। आग के दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ, जिससे एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन सवारों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि डबल डेकर बस नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सेक्टर-148 के पास पहुंची, उससे अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं तेज आग की लपटों में बदल गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को तत्काल नीचे उतारना शुरू कर दिया। राहत की बात यह रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों के बस से बाहर निकलने के बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान बस में एक तेज धमाका भी हुआ। धमाके की आवाज सुनकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोग सहम गए और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डबल डेकर बस आग की ऊंची लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। वीडियो में बस से निकलता काला धुआं और आग की तेज लपटें साफ नजर आ रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। आग लगने के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और जाम को सामान्य कराने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की टीम घटना के कारणों की जांच में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस में आग किस हिस्से से शुरू हुई और आग लगने के बाद बस में धमाका किस वजह से हुआ। राहत की बात यह है कि समय रहते यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिए जाने के कारण बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया।