चंडीगढ़ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का CM भगवंत मान ने किया स्वागत, पंजाब के मुद्दों पर हुई चर्चा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चंडीगढ़ पहुंचने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और सम्मानपूर्वक उनका अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ जनकल्याण और देश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मुलाकात की तस्वीरें आम आदमी पार्टी पंजाब की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई हैं। मुलाकात के दौरान राज्य की मौजूदा स्थिति और लोगों के हित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा होने की बात कही गई है।
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हिमाचल प्रदेश जा रही हैं। इस दौरान वह बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (AIIMS) के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। राष्ट्रपति समारोह में संस्थान के 91 मेधावी डॉक्टरों और पैरामेडिकल छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपाधियां प्रदान कर सम्मानित करेंगी।
राष्ट्रपति के पंजाब दौरे से जुड़ा एक पिछला घटनाक्रम भी इस मुलाकात को खास बनाता है। जनवरी 2026 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के 50वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल हुई थीं। उस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने छात्रों को उपाधियां प्रदान की थीं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके औपचारिक स्वागत के लिए मौजूद नहीं हो सके थे।
उस समय मुख्यमंत्री भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होना था। उन्हें सिख परंपराओं, शिष्टाचार और धार्मिक मान्यताओं से जुड़े कुछ कथित बयानों को लेकर अपना पक्ष और स्पष्टीकरण रखने के लिए तलब किया गया था। मुख्यमंत्री ने अकाल तख्त साहिब के आदेश और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए निर्धारित समय पर वहां उपस्थित होने का फैसला किया था। इसी वजह से वह राष्ट्रपति के स्वागत समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे।
अब चंडीगढ़ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री भगवंत मान की मुलाकात को दोनों के बीच औपचारिक और महत्वपूर्ण संवाद के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक में पंजाब के विकास, जनकल्याण और राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई, जिससे केंद्र और राज्य के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद का संदेश भी गया है।