एअर इंडिया का बड़ा फैसला! सऊदी अरब की उड़ानों पर 24 अक्टूबर तक रोक
सऊदी अरब जाने या वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए अहम खबर है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों पर अस्थायी रोक बढ़ा दी है। एयरलाइंस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इन उड़ानों का निलंबन अब 24 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगा।
इस फैसले से उन यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिन्होंने इन शहरों के लिए टिकट बुक कराए हैं। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए टिकट की तारीख बदलने, वैकल्पिक हवाई अड्डे से यात्रा करने और रिफंड लेने जैसे विकल्प उपलब्ध कराने की बात कही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति और टिकट से जुड़ी शर्तों की जानकारी संबंधित एयरलाइन से प्राप्त कर लें।
15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी कन्फर्म टिकट रखने वाले यात्रियों के लिए विशेष सुविधा की घोषणा की गई है। यह सुविधा उन पात्र यात्रियों को मिलेगी, जिनकी यात्रा की तारीख 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित है। ऐसे यात्री संबंधित एयरलाइन की शर्तों के अनुसार 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं।
एयरलाइन के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार यात्रा में बदलाव करने का विकल्प दिया जा रहा है। हालांकि, तारीख बदलने, वैकल्पिक एयरपोर्ट से यात्रा करने और रिफंड की सुविधा टिकट की पात्रता और लागू नियमों पर निर्भर करेगी।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि वे यात्रियों को होने वाली असुविधा को समझती हैं और उनकी यात्रा योजनाओं में अधिक लचीलापन देने का प्रयास कर रही हैं। सऊदी अरब जाने या वहां से लौटने वाले यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि कर लें और टिकट में बदलाव या रिफंड के लिए एयरलाइन से संपर्क करें।