UP IAS Transfer: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 IAS अधिकारियों के तबादले, देखें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। PCS अधिकारियों के तबादलों के बाद अब राज्य सरकार ने 15 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को नए पदों पर तैनाती दी गई है। मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, शासन के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी नए सिरे से तय की गई है।
इस फेरबदल के तहत अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है। उनके पास अपर मुख्य सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल और ग्रामीण पेयजल मिशन का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह बना रहेगा। वहीं, आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वह अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, एनआरआई विभाग और अध्यक्ष पिकप का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
एम. देवराज को प्रमुख सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक के साथ अध्यक्ष, राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण-1 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, डॉ. एम.के.एस. सुंदरम प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं विपणन के साथ अब प्रमुख सचिव, समन्वय और परियोजना निदेशक, यूपीडास्प की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
इसी क्रम में आलोक कुमार-3 को प्रमुख सचिव, नियोजन, कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं आईटी के साथ प्रमुख सचिव, वित्त, संस्थागत वित्त तथा बाढ़ सहायता परियोजना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, अजय चौहान प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग और मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उपशा के साथ अब मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। दूसरी ओर, पंधारी यादव को प्रमुख सचिव, बाढ़ सहायता परियोजना के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
सरकार ने दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी अदला-बदली की है। योगेश कुमार को यूपी जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, अमित कुमार सिंह अब पीसीडीएफ के बजाय यूपी जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसके अलावा कृष्ण कुमार को सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन तथा सीईओ, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के पद से हटाकर झांसी मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, चंद्र शेखर को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें प्रशासक, ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार के पद से स्थानांतरित कर सचिव, उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग बनाया गया है। वहीं, प्रतीक्षारत चल रहे देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव, प्रशासनिक सुधार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह प्रवीण मिश्रा को विशेष सचिव, समाज कल्याण तथा सचिव, एससी/एसटी आयोग के पद से स्थानांतरित कर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक, जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश सरकार ने 11 PCS अधिकारियों के तबादले किए थे। लगातार हो रहे इन प्रशासनिक फेरबदल को शासन स्तर पर विभागीय कामकाज और जिम्मेदारियों के नए सिरे से निर्धारण के तौर पर देखा जा रहा है।