Posted By : Admin

‘पुष्पा 2’ ने दुनिया भर में मचाया धमाल , 2 दिनों में कमाए 400 करोड़

साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। लगभग 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले ही दिन अपनी लागत का 90% वसूल कर लिया। अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।

फिल्म ने पहले दिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 294 करोड़ रुपये का जबरदस्त कारोबार किया, जिसमें भारत के हिंदी बेल्ट से ही 72 करोड़ रुपये की कमाई हुई। भारत में सभी भाषाओं में पहले दिन फिल्म ने 174.9 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया।

दूसरे दिन भी फिल्म ने अपनी सफलता को जारी रखते हुए भारत में 90.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस तरह, भारत में दो दिनों में ‘पुष्पा 2’ का कुल नेट कलेक्शन 265 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वर्ल्डवाइड स्तर पर फिल्म ने महज दो दिनों में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

दूसरे दिन की कमाई के मामले में ‘पुष्पा 2’ ने शाहरुख खान की ‘जवान’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिसने भारत में दूसरे दिन 70 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे। इतना ही नहीं, अल्लू अर्जुन की यह फिल्म राम चरण और जूनियर एनटीआर की सुपरहिट फिल्म ‘आरआरआर’ के ओपनिंग डे कलेक्शन (225 करोड़ रुपये) का भी रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।

‘पुष्पा 2’ अब साउथ सिनेमा, भारत और वर्ल्डवाइड की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है और यह अल्लू अर्जुन के करियर की भी सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई है। सुकुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी, और तीसरे दिन यानी वीकेंड तक इसके 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है।

यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है, बल्कि भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट्स में से एक बनने की ओर तेजी से बढ़ रही है।

Share This