लखनऊ के कैसरबाग स्थित बारादरी परिसर में सोमवार दोपहर महिंद्रा सनतकदा लखनऊ महोत्सव 2025 के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग घबराहट में आ गए। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग खाने-पीने के स्टॉल के पास से शुरू हुई, जो देखते ही देखते पास की अन्य दुकानों तक फैल गई। इस घटना में कई दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
आग की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी कठिनाइयों का सामना करते हुए काम कर रहे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बारादरी की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
बता दें कि 31 जनवरी से कैसरबाग स्थित बारादरी परिसर में महिंद्रा सनतकदा लखनऊ महोत्सव 2025 का आयोजन हो रहा था, जो 4 फरवरी तक चलने वाला था। इस आग ने सोमवार को मेले में मौजूद दुकानदारों और आगंतुकों में हड़कंप मचा दिया। फिलहाल, प्रशासन आग के कारणों की जांच कर रहा है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।

