Posted By : Admin

Sambhal : कनेक्शन काटने के लिए भेजी गई बिजली विभाग की टीम को दबंगों ने दौड़ा कर पीटा

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक शर्मनाक घटना घटी, जब बिजली विभाग की टीम पर कनेक्शन काटने के दौरान दबंगों ने हमला कर दिया। यह घटना बहजोई कोतवाली क्षेत्र के गांव कनेटा में हुई, जहां बिजली बिल का बकाया न जमा करने पर बिजली विभाग के कर्मचारी कनेक्शन काटने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध किया और कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

बिजली विभाग ने इस हमले की शिकायत पुलिस से की है। जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम कनेक्शन काटने के दौरान स्थानीय लोगों के विरोध का शिकार हो गई।

गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में संभल जिले में बिजली चोरी के मामलों में 1,250 एफआईआर दर्ज की गई थीं। इसके साथ ही विभाग ने 5.2 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इससे पहले, जिले के मस्जिदों, मदरसों और रिहायशी इलाकों में बिजली चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ था, जिसके बाद अधिकारियों ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी थी।

जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने सुबह के समय नखासा और दीपासराय इलाकों में छापेमारी की, जिसमें एक मस्जिद से बिजली चोरी से जुड़े उपकरण बरामद किए गए। डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने इस कार्रवाई के बाद कहा था कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी भी घर में बिजली चोरी नहीं होने दी जाएगी। डीएम ने बताया था कि करीब 150-200 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई थी, और इन मामलों में एफआईआर दर्ज कर वसूली की जाएगी।

Share This