Posted By : Admin

रूस का शक्तिशाली ‘Su-57’ फाइटर जेट भारत आएगा, एयरो इंडिया में हिस्सा लेगा 5वीं पीढ़ी का विमान

एयरो इंडिया 2025 की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है। यह शानदार एयर शो 10 फरवरी से आरंभ होगा और पांच दिनों तक चलेगा। बेंगलुरु स्थित येलहंका एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित होने वाले इस इवेंट में भारत की रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रदर्शन किया जाएगा। यह एयर शो दुनिया को भारत की वायु शक्ति से परिचित कराएगा। सोमवार को हिंदुस्तान की शक्ति की एक नई झलक देखने को मिलेगी। इस एयर शो के लिए फिलहाल फुल ड्रेस रिहर्सल की जा रही है, जो केवल एक झलक है। सोमवार को बेंगलुरु के आकाश में साहस और वीरता की एक नई कहानी लिखी जाएगी। इस बीच खबर आई है कि इस एयर शो में रूस अपने अत्याधुनिक और घातक लड़ाकू विमान सुखोई Su-57 को भी भेजने जा रहा है।

इस बार एयर शो में रूस की ताकत भी देखने को मिलेगी। रूस के दूतावास ने पुष्टि की है कि पहली बार रूस का सबसे एडवांस्ड फाइटर जेट, सुखोई-57, भारत आ रहा है। रूस लगातार Su-57 की ताकत को प्रदर्शित करने के प्रयास में है। Su-57 की गति 2600 किमी/घंटा है, और इसमें 12 हार्डप्वाइंट्स हैं – छह अंदर और छह बाहर। यह विमान शॉर्ट, मीडियम और लॉन्ग रेंज की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों और गाइडेड एरियल बमों से लैस हो सकता है।

Su-57 की खासियतें:
Su-57 का स्टेल्थ सिस्टम बिना गति कम किए और मैन्यूवरिबिलिटी में कोई कमी किए काम करता है, जिससे यह कॉम्बैट में अपनी जान बचाने में मदद करता है। यह एक मल्टी-रोल फाइटर जेट है, जो एयर सुपीरियरिटी से लेकर स्ट्राइक मिशन तक सभी प्रकार के ऑपरेशन में माहिर है। Su-57 की कॉम्बैट रेंज 1250 किलोमीटर है, और यह अधिकतम 66,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ सकता है। यह विमान सुपरसोनिक है, और इसकी सुपरसोनिक रेंज 1500 किलोमीटर है। Su-57 की लंबाई 65.11 फीट, विंगस्पैन 46.3 फीट और ऊंचाई 15.1 फीट है।

भारतीय वायुसेना की रिहर्सल:
हाल के वर्षों में भारतीय वायुसेना ने जिस तेजी से आत्मनिर्भरता हासिल की है, उसकी एक झलक रिहर्सल के दौरान देखने को मिली। आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर को प्रस्तुत करते हुए HAL ने अपने एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) और लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (LUH) को मिलाकर एक आत्मनिर्भर फॉर्मेशन तैयार किया है, जिसकी झलक फुल ड्रेस रिहर्सल में भी देखने को मिली। रिहर्सल के दौरान हल्के लड़ाकू विमान LCA तेजस ने शानदार हवाई करतब दिखाए, जबकि सुखोई 30 ने भी बेंगलुरु के आसमान में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, राफेल विमान की गर्जना को लेकर लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Share This