Posted By : Admin

महाकुंभ 2025: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, बोले- यह मेरा सौभाग्य है

प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की लहर के बीच शुक्रवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी श्रद्धालुओं के संग डुबकी लगाने पहुंचे। संगम त्रिवेणी में स्नान के बाद उन्होंने योगी सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रबंध किए गए हैं और किसी को कोई असुविधा नहीं हो रही है। उन्होंने संगम स्नान को अपने लिए सौभाग्य का अवसर बताया।

स्नान से पूर्व भूपेंद्र पटेल ने बड़े हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सेक्टर 7 स्थित गुजरात पवेलियन पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कुंभ में स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की भी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में कुंभ मेले में अभूतपूर्व व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वच्छता से लेकर अन्य सभी सुविधाएं बेहतरीन हैं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार सुबह 9 बजे राज्य सरकार के विशेष विमान से प्रयागराज पहुंचे, जहां प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन और आरती की। इस अवसर पर मंदिर के महंत और बाघंबरी गद्दी के पीठाधीश्वर बलबीर गिरि जी महाराज ने उन्हें लेटे हनुमान मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।

बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री पटेल सेक्टर 7 स्थित गुजरात पवेलियन गए, जहां उन्होंने पवेलियन की विभिन्न गैलरियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, साबरमती आश्रम और सूर्य मंदिर की प्रतिकृतियों का निरीक्षण किया, साथ ही मेडिकल कैंप, साहित्य स्टॉल और अन्य प्रदर्शनी का भी जायजा लिया।

गुजरात पवेलियन में उन्होंने गुजरात के उत्पादों की प्रदर्शनी देखी और व्यवस्थाओं की सराहना की। साथ ही, गुजरात से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 400 बेड की डॉरमेट्री का शुभारंभ भी किया।प्रयागराज महाकुंभ में उनकी यह यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और सुव्यवस्था के संगम का प्रतीक बनी।

Share This