साउथ अफ्रीका की टी20 लीग का फाइनल मुकाबला एमआई केप टाउन और सनराइजर्स ईस्टर्न केप (एसईसी) के बीच खेला गया, जिसमें एमआई केप टाउन ने शानदार जीत दर्ज कर पहली बार खिताब अपने नाम किया। इस मैच में एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला।
सनराइजर्स ईस्टर्न केप के बल्लेबाज डेविड बेडिंघम की शादी इसी सप्ताह तय थी, लेकिन जब उनकी टीम ने लगातार तीसरी बार SA20 के फाइनल में जगह बनाई, तो उन्होंने अपनी शादी की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला किया। बेडिंघम की मंगेतर, जेना वान नीकेर्क, से उनकी शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, यहां तक कि बुकिंग भी हो गई थी, लेकिन टीम के फाइनल में पहुंचते ही उन्होंने अपने फैसले में बदलाव किया और मैच खेलने का निर्णय लिया।
डेविड बेडिंघम ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी मंगेतर चाहती थीं कि टीम क्वालीफायर मुकाबला हार जाए ताकि वे तय समय पर शादी कर सकें। हालांकि, जब उनकी टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि अब शादी फाइनल के बाद ही होगी।
हालांकि, बेडिंघम फाइनल में अपनी टीम के लिए कोई खास कमाल नहीं कर पाए। 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वे सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी टीम 105 रन पर सिमट गई, और एमआई केप टाउन ने 76 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
अब, फाइनल मुकाबले के बाद डेविड बेडिंघम 11 फरवरी, रविवार को अपनी मंगेतर जेना वान नीकेर्क के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

