बरेली जिले में पान मसाला के बड़े कारोबारी अमित भारद्वाज के घर और गोदाम पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापा मारा। जांच के दौरान विभागीय टीम ने गोदाम का ताला तोड़कर कार्रवाई शुरू की।
सूत्रों के मुताबिक, अमित भारद्वाज पान मसाला उद्योग से जुड़े प्रमुख व्यापारी हैं। उनके राजेंद्र नगर स्थित गोदाम और प्रेमनगर में मौजूद आवास पर लखनऊ और दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से छानबीन की। हालांकि, स्थानीय आयकर अधिकारियों ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बड़ी मात्रा में टैक्स चोरी का मामला सामने आ सकता है।
छापेमारी के दौरान विभागीय अधिकारियों को कारोबारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद ताला तोड़कर टीम ने अंदर प्रवेश किया। इस दौरान कारोबारी के परिजनों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए, जिससे किसी से संपर्क नहीं हो सका।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया, और व्यापारिक संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सुबह से ही कारोबारी अमित भारद्वाज आयकर टीम की हिरासत में थे। दोपहर में जब टीम ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद टीम ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आयकर विभाग के कुछ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

