Posted By : Admin

IND vs ENG: सचिन-विराट भी रहे पीछे, शुभमन गिल ने महज 103 मैचों में रच दिया इतिहास

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन शुभमन गिल और विराट कोहली ने पारी को संभालते हुए भारत को 100 के पार पहुंचाया। कोहली अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन शुभमन गिल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 32वें ओवर में अपना शतक पूरा कर लिया।

इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो बार शतक से चूकने के बाद इस बार गिल ने कोई गलती नहीं की और 95 गेंदों में 14 चौके व 2 छक्कों की मदद से अपना 7वां वनडे शतक जड़ा। इसी के साथ, गिल ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 2500 रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 50 पारियों में हासिल कर ली, जिससे उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 51 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।

सबसे तेज 2500 वनडे रन (पारी के हिसाब से)

  • 50 पारियां – शुभमन गिल (भारत)
  • 51 पारियां – हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका)
  • 52 पारियां – इमाम उल हक (पाकिस्तान)
  • 56 पारियां – विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज)
  • 56 पारियां – जोनाथन ट्रॉट (इंग्लैंड)

गिल ने अपनी शतकीय पारी में 102 गेंदों पर 112 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस शानदार शतक के साथ उन्होंने एक और खास उपलब्धि हासिल कर ली। शुभमन गिल अब इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ही मैदान पर तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाने वाले दुनिया के 5वें बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में टेस्ट और टी20 में शतक लगाने के बाद अब वनडे में भी शतक जमाकर यह अनोखा कारनामा कर दिखाया।

एक ही मैदान पर इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • फाफ डु प्लेसिस – जोहान्सबर्ग (साउथ अफ्रीका)
  • डेविड वॉर्नर – एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया)
  • बाबर आजम – कराची (पाकिस्तान)
  • क्विंटन डी कॉक – सेंचुरियन (साउथ अफ्रीका)
  • शुभमन गिल – अहमदाबाद (भारत)

गिल की इस ऐतिहासिक पारी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट में एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। उनकी फॉर्म और निरंतरता को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वह भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं।

Share This