Posted By : Admin

महाकुंभ के बाद होली के मद्देनजर यूपी के लिए विशेष ट्रेनों का ऐलान, जानें रूट और समय

प्रयागराज में जारी महाकुंभ मेले के बीच रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा, और इसके बाद मार्च में होली के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को संभालने के लिए रेलवे ने विशेष योजना बनाई है। रेल मुख्यालय ने स्पेशल ट्रेनों के संचालन हेतु आवश्यक जानकारी जुटाई है। साथ ही, फरवरी के अंत तक कोहरे के कारण रद्द की गई ट्रेनों को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। 22 फरवरी से चरणबद्ध तरीके से पिछले तीन महीनों से ठप पड़ी ट्रेनों का संचालन बहाल किया जाएगा। नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त, होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि घने कोहरे के कारण 1 दिसंबर से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा है। खासतौर पर मुरादाबाद रूट की 26 ट्रेनें पिछले तीन महीनों से रद्द हैं। इनमें डबल डेकर और जनसेवा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं, जिनका संचालन फरवरी के अंतिम सप्ताह से फिर शुरू किया जाएगा। पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा 2 मार्च तक रद्द है, जबकि डबल डेकर ट्रेन 28 फरवरी तक बंद रहेगी। सबसे पहले बहाल होने वाली ट्रेन लालकुंआ-अमृतसर एक्सप्रेस होगी, जो 22 फरवरी से फिर पटरी पर दौड़ने लगेगी। इसके बाद 24 फरवरी से जम्मू-ऋषिकेश एक्सप्रेस और 25 फरवरी से कानपुर-काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाएगा।

रेलवे की योजना के अनुसार, 2 मार्च के बाद सभी ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएंगी। चूंकि होली 13 मार्च को पड़ रही है, इसलिए रेलवे यात्रियों को राहत देने के लिए विशेष ट्रेनें संचालित करेगा। होली से पहले ही ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। हालांकि त्यौहार में अभी एक महीना बाकी है, फिर भी कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है। कुछ ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच चुकी है। उदाहरण के लिए, जयपुर से मुरादाबाद के बीच चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस में 12 और 13 मार्च को स्लीपर तथा 3 एसी कोच पूरी तरह फुल हो चुके हैं। इसी तरह, गोरखपुर समेत अन्य रूटों पर भी यात्री भार बढ़ रहा है। रेलवे जानकारों का मानना है कि इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चला सकता है। फिलहाल, रेलवे का मुख्य फोकस महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर है।

सीतापुर-शाहजहांपुर पैसेंजर आठ दिन के लिए रद्द
सीतापुर-शाहजहांपुर रूट पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को आठ दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने 13 फरवरी से 20 फरवरी तक इस ट्रेन का संचालन रोकने का निर्णय लिया है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार, तकनीकी कारणों से सीतापुर-शाहजहांपुर के अलावा, सीतापुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन का संचालन भी अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

22 फरवरी को अमृतसर-अयोध्या स्पेशल ट्रेन का संचालन
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अमृतसर और अयोध्या के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन (04621-22) 20 फरवरी को अमृतसर से रवाना होगी, जबकि 22 फरवरी को अयोध्या से वापसी के लिए संचालित की जाएगी। यह ट्रेन दो फेरे लगाएगी और अपने सफर के दौरान जंडियाला, जालंधर कैंट, लुधियाना, धुरी, अंबाला कैंट, सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए लखनऊ और अयोध्या पहुंचेगी।यात्रियों की सुविधा और त्योहारों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे आगामी दिनों में और अधिक स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर सकता है।

Share This