आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत अब बस कुछ ही दिनों में होने वाली है, लेकिन टूर्नामेंट से पहले कई टीमों के स्क्वाड में बदलाव हो रहे हैं। इस सूची में अब न्यूजीलैंड का नाम भी जुड़ गया है। कीवी टीम को तेज गेंदबाज बेन सियर्स के बाहर होने से करारा झटका लगा है, जो हैम्सट्रिंग की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने उनकी जगह नए खिलाड़ी के नाम की घोषणा कर दी है।
फिलहाल न्यूजीलैंड टीम पाकिस्तान में मौजूद है, जहां वह चैंपियंस ट्रॉफी से पहले आयोजित ट्राई सीरीज में हिस्सा ले रही है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि कराची में अभ्यास सत्र के दौरान बेन सियर्स ने हैम्सट्रिंग की समस्या की शिकायत की थी। स्कैन कराने के बाद पता चला कि उन्हें कम से कम दो सप्ताह के लिए आराम की जरूरत होगी। इसी कारण टीम प्रबंधन ने उनकी जगह ओटागो वोल्ट्स के तेज गेंदबाज जैकब डफी को स्क्वाड में शामिल करने का फैसला लिया है। जैकब डफी पहले से ही ट्राई सीरीज में कीवी टीम का हिस्सा हैं।
टीम के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने बेन सियर्स के बाहर होने पर निराशा जताते हुए कहा कि टूर्नामेंट से ठीक पहले चोटिल होकर बाहर होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बेन के करियर का पहला आईसीसी टूर्नामेंट होता, लेकिन अब उन्हें इससे दूर रहना पड़ेगा।
रचिन रवींद्र और फर्ग्युसन की फिटनेस पर सवाल
कीवी टीम में अभी और भी बदलाव हो सकते हैं क्योंकि रचिन रवींद्र और लॉकी फर्ग्युसन की फिटनेस पर संदेह बना हुआ है। रचिन रवींद्र को ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में कैच लेते समय गेंद सीधे उनके माथे पर लगी थी, जिसके बाद से वह मैदान से बाहर हैं। वहीं, तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन अब तक अपनी हैम्सट्रिंग की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस पर टीम प्रबंधन करीबी नजर बनाए हुए है।

