उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो कार और बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर हुई। हादसे में बोलेरो सवार 10 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 19 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से श्रद्धालु बोलेरो कार से प्रयागराज में संगम स्नान के लिए आ रहे थे। वहीं, दूसरी ओर बस महाकुंभ से वाराणसी लौट रही थी। जब बोलेरो मेजा थाना क्षेत्र के मनु के पुरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही बस से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी, और बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो के परखच्चे उड़ चुके थे, जिसके कारण उसमें फंसे शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने तुरंत जेसीबी मशीन मंगवाई और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, बोलेरो में सवार सभी 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
बस में सवार 19 श्रद्धालु भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बस में सवार यात्री मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले थे और महाकुंभ से दर्शन कर वाराणसी जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस इस दर्दनाक हादसे की जांच कर रही है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

