Posted By : Admin

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, दो जिलों से 9 उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

इंफाल: सुरक्षाबलों ने इंफाल पूर्वी और थौबल जिलों में छापेमारी कर विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के 9 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ‘कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी’ (नोयोन) से जुड़े चार सक्रिय सदस्य अपहरण और जबरन वसूली के आरोप में थौबल जिले के चिंगडोमपोक इलाके से शुक्रवार को पकड़े गए।

इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने इंफाल पूर्वी जिले के खाबेइसोई क्षेत्र में एक अन्य ऑपरेशन चलाकर जबरन वसूली में शामिल केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। वहीं, ‘यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट’ (पंबेई) का एक सदस्य इंफाल पूर्वी जिले के नुंगोई अवांग लेईकाई इलाके से दबोचा गया। पुलिस ने बताया कि यह उग्रवादी हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी और जबरन वसूली में शामिल था।

सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी के पास से एक पिस्तौल बरामद की गई। इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने काकचिंग जिले के हियांगलाम नतेखोंग थोंगजिन इलाके में नदी किनारे छिपाए गए दो ‘सिंगल बैरल’ बंदूकें, एक ‘स्नाइपर’ राइफल, एक देसी पिस्तौल, पांच हथगोले, चार आईईडी, इंसास राइफल के कारतूस, नौ एमएम पिस्तौल, दो ‘हैंडसेट’ और एक चीन निर्मित ड्रोन बरामद किया।

फुटबॉल मैच के दौरान हथियार लहराने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

हाल ही में पुलिस ने कांगपोकपी जिले के गमनोंफाई गांव में फुटबॉल मैच के दौरान हथियार लहराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सामने आई, जिसमें संदिग्धों को अत्याधुनिक हथियार लिए देखा गया। 12 फरवरी को मणिपुर पुलिस ने इन पांचों को हिरासत में लिया।सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से उग्रवादियों को बड़ा झटका लगा है और राज्य में शांति बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं।

Share This