संभल: जिले में 24 नवंबर को जामा मस्जिद में दोबारा सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब 74 उपद्रवियों के पोस्टर जामा मस्जिद की दीवारों पर चिपकाए हैं। शुक्रवार को पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की, जिसमें एसपी केके बिश्नोई, एएसपी श्रीशचंद्र और सीओ अनुज चौधरी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
उपद्रवियों की पहचान के लिए पुलिस ने पोस्टर जारी किए
संभल कोतवाली पुलिस द्वारा लगाए गए पोस्टरों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने गाड़ियों में आगजनी, तोड़फोड़ और पुलिस पर फायरिंग की थी। मामले में 7 एफआईआर दर्ज कर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सपा विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल समेत 6 लोगों को नामजद किया गया था, जबकि 3,000 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
हिंसा में शामिल कई आरोपी अब तक जेल भेजे गए
संभल पुलिस अब तक हिंसा के 76 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें एसपी केके बिश्नोई और सीओ अनुज चौधरी पर गोली चलाने वाले आरोपी और हिंसा के दौरान चार युवकों की हत्या में शामिल दो आरोपी भी शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान जारी
हिंसा की जांच के लिए गठित एसआईटी टीम और पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की मदद से कई अन्य उपद्रवियों की पहचान की है। पुलिस द्वारा जारी पोस्टरों में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि 24 नवंबर की हिंसा में शामिल उपद्रवियों की पहचान करने और पुलिस को सूचना देने वालों को इनाम दिया जाएगा।पुलिस द्वारा आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक करना एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे अन्य संदिग्धों की जल्द गिरफ्तारी संभव हो सकेगी।

