उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है, क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बहुप्रतीक्षित मुकाबलों का शेड्यूल रविवार को जारी कर दिया गया। इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) अपने घरेलू मैदान, अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम में सात मैच खेलेगी। ये मैच एक, चार, 12, 14, 22 अप्रैल और नौ और 18 मई को आयोजित होंगे। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत एलएसजी के कप्तान के रूप में अपना पहला मैच 1 अप्रैल को इकाना में खेलेंगे।
आईपीएल नीलामी में एलएसजी ने ऋषभ पंत को ₹27 करोड़ की रिकॉर्ड राशि में खरीदा था, और पिछले महीने डॉ. संजीव गोयनका ने उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया। ऋषभ पंत के अलावा टीम में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श, दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एडेन मार्करम, डेविड मिलर, आकाश दीप, आवेश खान, अब्दुल समद जैसे कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
इकाना स्पोर्ट्स सिटी के सीएमडी उदय सिन्हा ने कहा कि इस बार भी दर्शकों को इकाना स्टेडियम में उच्चस्तरीय मुकाबले देखने को मिलेंगे। एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत बनने से मैचों का रोमांच और बढ़ जाएगा। स्टेडियम में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, और आईपीएल से पहले डब्ल्यूपीएल के मैच भी यहां आयोजित किए जा रहे हैं।
एलएसजी के सात मुकाबलों में से तीन पर खास नजरें रहेंगी। ये मुकाबले मुंबई इंडियंस (MI), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ होंगे, जिनसे मैचों का रोमांच दोगुना होने की उम्मीद है।
एलएसजी के ट्रेनिंग कैंप में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। 4 से 7 फरवरी तक इकाना में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जहीर खान ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण किया और तकनीकी सलाह दी। मुख्य कोच जस्टिन लैंगर, सहायक कोच विजय दहिया और लांस क्लूजनर ने मिलकर खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी कौशल को और बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई।

