उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने कथित प्रेमिका को चाकू से गोदकर हत्या कर दी। यह घटना उस युवक के खिलाफ समुदाय विशेष से जुड़े होने के कारण एक सामूहिक प्रतिशोध में बदल गई, जब भीड़ ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद, लड़की और लड़के दोनों के गांवों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बांदा के पैलानी थानाक्षेत्र के महबरा गांव की है, जहां युवक ने घर में घुसकर युवती की हत्या की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी युवक, जो दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखता है, ने इस वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही आसपास के लोग इकट्ठे हुए, उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। भीड़ ने उसे तब तक मारा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पैलानी थानाक्षेत्र के महबरा गांव की 22 वर्षीय लड़की का 24 वर्षीय युवक से दो साल से प्रेम संबंध था। हालांकि, पिछले साल दिसंबर में लड़की की शादी हो गई थी, और रविवार को वह अपने ससुराल से मायके आई थी। बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे, आरोपी युवक ने दीवार फांदकर लड़की के घर में घुसकर उसे धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घरवालों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और उन्होंने आरोपी को पकड़कर उसकी बुरी तरह पिटाई की, जिसके कारण युवक की भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों गांवों में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

