नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई नए कदम उठाए हैं। हाल ही में स्टेशन पर मची भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय लागू करने का निर्णय लिया है।
सोमवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह तय किया गया कि ट्रेन के प्रस्थान से काफी पहले स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को बाहर ही रुकना होगा। स्टेशन के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर दिल्ली पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के जवान यात्रियों के टिकटों की सख्ती से जांच करेंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके।
रेलवे प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रयागराज के लिए रवाना होने वाली विशेष ट्रेनें केवल प्लेटफॉर्म नंबर 16 से ही चलेंगी। अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म 16 तक सीधा पहुंचने के लिए कई प्रवेश और निकास बिंदु उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को फुट ओवरब्रिज का उपयोग नहीं करना पड़ेगा। इससे भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसके अलावा, फुट ओवरब्रिज पर अनावश्यक रूप से घूमने या खड़े होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, क्योंकि इससे भीड़भाड़ बढ़ रही थी और यातायात बाधित हो रहा था। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के बाहर एक अस्थायी वेटिंग एरिया बनाया गया है, जहां वे अपनी ट्रेनों के समय का इंतजार कर सकते हैं। इसके साथ ही, सभी प्लेटफार्मों पर पैदल गश्त बढ़ा दी गई है और बिना किसी वैध कारण के प्लेटफॉर्म पर बैठने की अनुमति नहीं होगी। इन उपायों का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखना है।

