नई दिल्ली: दुर्ग से छपरा और छपरा से दुर्ग के बीच चलने वाली सारनाथ एक्सप्रेस को रेलवे ने अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन 21 फरवरी तक नहीं चलेगी। यह ट्रेन आमतौर पर प्रयागराज के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचती है। ट्रेन के रद्द होने से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15159/15160 सारनाथ एक्सप्रेस को 21 फरवरी तक निरस्त किया गया है। इस ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्रियों ने अपने टिकट बुक कराए थे, लेकिन अब उन्हें सफर करने का मौका नहीं मिलेगा। हालांकि, रेलवे ने आश्वासन दिया है कि रद्द हुई ट्रेनों के यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रयागराज में उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने यह निर्णय लिया है।
कई अन्य ट्रेनें भी रद्द
गाड़ी संख्या 55098/55097 गोरखपुर-नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन भी 23 फरवरी तक नहीं चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 15080 गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 22 फरवरी तक रद्द कर दी गई है। बताया जा रहा है कि प्रयागराज में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इन ट्रेनों का संचालन रोकने का फैसला किया है। महाशिवरात्रि के कारण प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए
इसके अलावा, जयनगर से प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन 28 फरवरी तक प्रयागराज होकर नहीं चलेगी। प्रयागराज झूंसी रेलवे स्टेशन पर मेला स्पेशल ट्रेनों का दबाव बढ़ने के कारण रेलवे ने यह फैसला लिया है।
बिहार और छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं, जिससे ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ हो रही है। ऐसे में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।बेहतर जानकारी और अपडेट के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी स्टेशन से संपर्क कर सकते हैं।

