Posted By : Admin

धरती की ओर बढ़ रहा 2024 YR4 क्षुद्रग्रह, NASA ने बताया कितना बड़ा खतरा

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि एक विशाल एस्टेरॉयड 2024 YR4 पृथ्वी के लिए संभावित खतरा बन सकता है। यह अंतरिक्षीय चट्टान इतनी शक्तिशाली है कि यदि पृथ्वी से टकराती है, तो किसी भी बड़े शहर को पूरी तरह नष्ट कर सकती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसके 22 दिसंबर 2032 को पृथ्वी से टकराने की 3.1% संभावना है। हालांकि, नासा ने यह भी कहा कि अभी इसको लेकर ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है।

वैज्ञानिकों की चिंता क्यों बढ़ रही है?

इस एस्टेरॉयड पर जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप अगले महीने से नजर रखेगा। प्लैनेटरी सोसाइटी के प्रमुख वैज्ञानिक ब्रूस बेट्स ने कहा कि वह घबराए नहीं हैं, लेकिन जब किसी एस्टेरॉयड के टकराने की संभावना बढ़ती है, तो चिंता स्वाभाविक होती है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि जैसे-जैसे अधिक डेटा मिलेगा, टकराने की संभावना कम होती जाएगी और अंततः शून्य हो सकती है।

कितना बड़ा है यह एस्टेरॉयड?

इस एस्टेरॉयड को पहली बार 27 दिसंबर 2024 को चिली के El Sauce Observatory ने खोजा था। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसकी चमक को देखते हुए इसका अनुमानित आकार 40 से 90 मीटर (130 से 300 फीट) चौड़ा हो सकता है। शुरुआती विश्लेषण के अनुसार, यह दुर्लभ धातु से बना हुआ प्रतीत होता है।

कितना बड़ा नुकसान कर सकता है?

अगर 2024 YR4 पृथ्वी से टकराता है, तो यह 8 मेगाटन TNT के बराबर विस्फोट कर सकता है, जो कि हिरोशिमा परमाणु बम से 500 गुना अधिक शक्तिशाली होगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके गिरने की संभावना भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इथियोपिया, सूडान, नाइजीरिया, वेनेजुएला, कोलंबिया और इक्वाडोर में सबसे ज्यादा हो सकती है।

कब टकरा सकता है?

इंटरनेशनल एस्टेरॉयड वॉर्निंग नेटवर्क ने 29 जनवरी 2025 को इस एस्टेरॉयड को लेकर अलर्ट जारी किया था। तब इसकी टकराने की संभावना 1% थी, लेकिन अब यह बढ़कर 3.1% हो गई है। नासा के अनुसार, यह 22 दिसंबर 2032 को पृथ्वी से टकरा सकता है। वैज्ञानिक लगातार इस पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि इसके खतरे को लेकर सटीक जानकारी मिल सके।

Share This