फिरोजाबाद जिले में लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खंभा नंबर 52/600 के पास बुधवार तड़के तेज रफ्तार कार एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 4 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। कार में सवार यात्री प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर दिल्ली लौट रहे थे। तभी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में 35 वर्षीय कुणाल, 20 वर्षीय प्रेमलता और 45 वर्षीय रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चालक समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रयागराज से दिल्ली लौट रहे थे यात्री
एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मृतक और घायल सभी लोग मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और फिलहाल दिल्ली के नवादा जहांगीरपुरी इलाके में रह रहे थे।
सोनभद्र में भी हुआ हादसा
इसी दिन महाकुंभ से लौट रहे दर्शनार्थियों की एक बस भी हादसे का शिकार हो गई। सोनभद्र जिले के रेणुकूट के पिपरी थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। जांच में पता चला कि ट्रक को एक नाबालिग चला रहा था, जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। यह बस छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से आई थी और प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के बाद वापस लौट रही थी।यह हादसे सड़क सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर करते हैं।

