महाकुंभ में स्नान कर रही महिलाओं की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले सामने आए हैं। कुछ लोगों द्वारा इनका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, वहीं टेलीग्राम पर ऐसे वीडियो बेचने की भी खबर मिली है। इस मामले में पुलिस ने कई सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही इसकी जानकारी मिली, तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
सरकार ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए टेलीग्राम और मेटा से स्पष्टीकरण मांगा है। जिन अकाउंट्स से वीडियो अपलोड किए गए थे, उनकी पहचान की जा रही है।
डीजीपी ने निर्देश दिया है कि महाकुंभ में स्नान करने आई महिलाओं की निजता भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी के तहत कुम्भ मेला कोतवाली में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, 17 फरवरी को इंस्टाग्राम अकाउंट @neha1224872024 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, क्योंकि इस अकाउंट से महिलाओं के स्नान के आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए थे। पुलिस ने यह वीडियो हटवा दिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
इसके अलावा, 19 फरवरी को एक टेलीग्राम चैनल पर इसी तरह के वीडियो बेचने के लिए पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

