भारतीय टीम ने बैक टू बैक दो जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। तीन दिन के भीतर दो मुकाबले खेलने के बाद अब टीम इंडिया को अगले मैच से पहले ब्रेक मिलेगा। रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और अब उसे अपना तीसरा और अंतिम लीग मुकाबला खेलना है। आइए जानते हैं कि भारत का अगला मैच कब, कहां और किस टीम के खिलाफ होगा, साथ ही सेमीफाइनल का शेड्यूल क्या है।
भारत को मिलेगा एक हफ्ते का ब्रेक, फिर 2 मार्च को भिड़ेगा न्यूजीलैंड से
टीम इंडिया अब एक सप्ताह के ब्रेक पर रहेगी, हालांकि खिलाड़ी दुबई में ही रुकेंगे और अभ्यास जारी रखेंगे। इस दौरान वे आराम और घूमने-फिरने का भी लुत्फ उठा सकते हैं। भारत का अगला मैच रविवार, 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ होगा। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
अब तक भारतीय टीम ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को हराया है, लेकिन न्यूजीलैंड हमेशा से आईसीसी टूर्नामेंट में भारत के लिए कड़ी चुनौती साबित हुआ है। हालांकि इस मुकाबले का भारत की सेमीफाइनल की राह पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड का अंतिम चार में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
4 मार्च को भारत खेलेगा सेमीफाइनल मुकाबला
आईसीसी के शेड्यूल के मुताबिक, पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को दुबई में और दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को लाहौर में खेला जाएगा। भारत अपने सभी मैच दुबई में ही खेलेगा, यानी उसका सेमीफाइनल मुकाबला भी 4 मार्च को दुबई में ही होगा। हालांकि, भारतीय टीम का सेमीफाइनल में सामना किस टीम से होगा, यह बाद में तय होगा।
सेमीफाइनल के बाद 9 मार्च को होगा फाइनल मुकाबला
अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल जीत जाती है, तो वह 9 मार्च को दुबई में फाइनल खेलेगी। लेकिन यदि भारत फाइनल में नहीं पहुंचता, तो यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत को तीन दिन में दो अहम मुकाबले खेलने होंगे
2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ लीग स्टेज का अंतिम मुकाबला, फिर 4 मार्च को सेमीफाइनल, यानी तीन दिन में दो बड़े मैच। अगर भारत फाइनल में पहुंचता है, तो 9 मार्च को क्रिकेट जगत को चैंपियंस ट्रॉफी का नया विजेता मिल जाएगा।

