ट्रेन यात्रा के दौरान सीट को लेकर विवाद होना आम बात है, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि इसी मुद्दे पर किसी ने तलवार से हमला कर दिया हो? ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सचखंड एक्सप्रेस में सामने आया, जहां एक सिख युवक ने सीट को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर तलवार से वार कर दिया।
घटना मथुरा के पास चलती ट्रेन में हुई। महाराष्ट्र के नांदेड़ से पंजाब के अमृतसर जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में आगरा से एक युवक, जो MR का काम करता था, सफर कर रहा था। सीट को लेकर उसकी कुछ सिख यात्रियों से बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक सिख यात्री ने तलवार निकालकर उस युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
तलवार चलने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई और चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जनरल कोच में सीट विवाद को लेकर झगड़ा हुआ, जिसमें एक युवक घायल हो गया। GRP ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है और मामले की जांच जारी है।

