बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बिहुरा में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर एक पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके हुए पाए गए। जानकारी के अनुसार, युवक और युवती दो अलग-अलग समुदायों से थे और पिछले चार वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध था।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है, जिसको देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक सूरज (21) की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। वह पहाड़पुर गांव का रहने वाला था, जबकि युवती निशा बानो (18) का घर पास के गांव बिहुरा में था।
पुलिस के मुताबिक, सामाजिक और धार्मिक बंदिशों के कारण दोनों की शादी संभव नहीं हो पाई थी। कुछ दिन पहले दोनों घर से भाग निकले थे, लेकिन परिजनों के दबाव में वापस लौट आए। बुधवार की रात सूरज की पत्नी ने उसके लापता होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद परिजनों ने उसे खोजने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
गुरुवार सुबह जब गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए, तो उन्होंने आम के पेड़ से दोनों के शव लटके हुए देखे। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सूरज की पत्नी इस घटना के बाद से सदमे में है और बार-बार बेहोश हो रही है। गांव में गमगीन माहौल और भय का माहौल बन गया है।
क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी प्रकार की धमकी, दबाव या हत्या की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

