Posted By : Admin

अमरोहा: बीजेपी की बाइक रैली में हुआ हंगामा, नेताओं और कार्यकर्ताओं में मारपीट

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर नगर में भारतीय जनता पार्टी की ‘युवा शक्ति बाइक रैली’ के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब पार्टी के दो युवा नेताओं के बीच कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। यह मामला शनिवार को सामने आया, जब बीजेपी की रैली हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से गुजर रही थी।

जानकारी के मुताबिक, बाइक रैली के दौरान एक कार्यकर्ता की बाइक, युवा जिला अध्यक्ष शिवम चौधरी की बाइक से टकरा गई। इसी छोटी सी बात को लेकर शिवम चौधरी गुस्से में आ गए और उन्होंने मौके पर ही कार्यकर्ता को फटकार लगानी शुरू कर दी। मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई।

इस पूरी घटना के वक्त बीजेपी के जिला अध्यक्ष और स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गबंशी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे भी माहौल को शांत नहीं कर सके।

घटना के बाद शिवम चौधरी ने हसनपुर कोतवाली में कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने गंभीर धाराओं में तहरीर दी है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और रैली के दौरान हुए घटनाक्रम की वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाल रही है।

गौरतलब है कि यह बाइक रैली बीजेपी की ओर से लोकसभा चुनावों की तैयारी के तहत कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही थी। लेकिन अमरोहा में हुई इस घटना ने पार्टी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद क्या सच्चाई सामने आती है और किन लोगों की भूमिका इसमें पाई जाती है।

Share This