साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम ने वो कारनामा कर दिखाया जिसका इंतजार उसके फैंस पिछले 27 वर्षों से कर रहे थे। 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से मात देकर पहली बार टेस्ट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई एडन मार्करम ने, जिनकी नाबाद 136 रन की पारी ने ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण को पूरी तरह बेअसर कर दिया।
282 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए, साउथ अफ्रीका ने शुरुआत में दो विकेट जल्दी गंवा दिए , लेकिन इसके बाद मार्करम और कप्तान टेंबा बावुमा ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी की।
जहां बावुमा ने 66 रन (134 गेंद) की संयमित पारी खेली, वहीं मार्करम ने 207 गेंदों में 136 रन की बेमिसाल पारी खेलकर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचाया। उन्होंने 14 शानदार चौके लगाए और जब वो आउट हुए, टीम को केवल 6 रन की जरूरत थी।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए।
सबसे ज्यादा रन स्टीव स्मिथ (66) ने बनाए।
साउथ अफ्रीका के कगिसो रबाडा ने कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटके।
साउथ अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर सिमट गई।
पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए।
इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 74 रन की बढ़त मिली।
लेकिन दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी लड़खड़ा गईऔर पूरी टीम 207 रन पर ऑलआउट हो गई।
इसके बाद साउथ अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य मिला।
इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने 1998 के बाद पहली बार कोई ICC टूर्नामेंट जीता है। आखिरी बार टीम ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 1998 में खिताबी जीत हासिल की थी।
WTC फाइनल 2025 में मिली जीत न केवल एक तकनीकी उत्कृष्टता का उदाहरण थी, बल्कि ये टीम की मानसिक मजबूती और जुझारूपन की भी कहानी थी।
दक्षिण अफ्रीका की यह जीत भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बन गई है।
एडन मार्करम की ऐतिहासिक सेंचुरी, बावुमा की कप्तानी, और टीम की सामूहिक मेहनत ने वो मुकाम दिलाया, जिसकी कल्पना सिर्फ सपनों में की जा रही थी।
अब साउथ अफ्रीका टेस्ट चैंपियन है — और क्रिकेट की दुनिया एक नई शक्ति को सलाम कर रही है।

