लखनऊ – अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में 260 से अधिक लोगों की मौत हुई, हादसे की जांच जारी है. इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बिना किसी हादसे का नाम लिए और बगैर किसी मंत्री का नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधा है. हालांकि अखिलेश यादव के एक्स पर किए गए पोस्ट से साफ पता चला रहा है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अहमदाबाद हादसे को लेकर इशारों-इशारों में ही विमानन मंत्री के इस्तीफे की मांग कर दी है.
अखिलेश यादव ने x पर पोस्ट कर लिखा-“बीजेपी के आने के बाद से नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे देने का चलन खत्म हो गया है. ये बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी हार है कि सैकड़ों लोगों की मृत्यु पर कोई उन भाजपाइयों से इस्तीफा भी नहीं माँगता है, जो सीधे-सीधे इसके लिए उत्तरदायी हैं. इसका साफ मतलब ये निकलता है कि जनता को बीजेपी से किसी भी प्रकार की कोई उम्मीद नहीं बची है.निंदनीय!”
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पिछले सप्ताह 12 जून को हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए कम से कम 190 मृतकों की डीएनए मिलान के जरिए पहचान कर ली गई है और 32 विदेशियों समेत 159 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं.

