उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने ही देवर के साथ मिलकर ऐसा खौफनाक प्लान रचा कि खून के रिश्ते भी सिहर उठें। देवर के प्यार में अंधी भाभी ने अपने पति को मौत की नींद सुला दिया, ताकि इश्क का रास्ता साफ हो सके। पति के गले और कान के पास गोली मारी गई, और लाश को चाचा के मकान के पास फेंक दिया गया।
मामला गंगीरी थाना क्षेत्र के नगला हिमाचल गांव का है, जहां 17 जून की रात 30 वर्षीय ट्रक ड्राइवर ऋषि कुमार की लाश संदिग्ध हालात में बरामद हुई। अगली सुबह जब गांव वालों की नजर पड़ी तो उसके शरीर पर सिर्फ एक अंगोछा था—जिसे देखकर साफ जाहिर हो गया कि हत्या को छुपाने की पूरी कोशिश की गई है।
वारदात के तुरंत बाद पत्नी ललिता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोबाइल चोरी को लेकर हुए विवाद के चलते पति की हत्या की गई है। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद थाने में जाकर तहरीर भी दी। लेकिन पुलिस को ललिता की कहानी में झोल नजर आया। जांच की परतें खुलीं तो जो सामने आया, वो और भी हैरान करने वाला था।
पुलिस जांच में सामने आया कि ललिता का अपने ही देवर से शादी से पहले से अवैध संबंध था और यह रिश्ता शादी के बाद भी परवान चढ़ता रहा। पति ऋषि को इसकी भनक लग चुकी थी, और यही दोनों प्रेमियों की राह का सबसे बड़ा कांटा बन गया था।
हत्या वाली रात ललिता ने कहा कि उसे दस्त की शिकायत है, इसलिए पति ने उसे बेटी के साथ चाचा सौदान सिंह के घर छोड़ा। मगर यह भी महज़ एक ड्रामा था। असल में यह पूरी प्लानिंग थी पति को अकेला छोड़ने की, ताकि प्रेमी वारदात को अंजाम दे सके।
ऋषि कुछ दिन पहले ही अपने चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। पहले हरियाणा में ट्रक ड्राइवर की नौकरी करता था। मां-बाप का पहले ही निधन हो चुका था। जब उसकी मौजूदगी से ललिता और उसके प्रेमी को खतरा महसूस हुआ, तो उन्होंने खौफनाक कदम उठाने में देर नहीं की।
फिलहाल पुलिस ने ललिता को हिरासत में ले लिया है और उसके प्रेमी की तलाश जारी है। गांव में इस घटना के बाद गुस्से और अविश्वास का माहौल है। जिस महिला को गृहस्थी की रक्षक बनना था, वही प्रेम की आग में जलकर हत्यारिन बन बैठी।
‘भाभी-देवर’ का ये खूनी इश्क न सिर्फ एक मासूम की जिंदगी लील गया, बल्कि रिश्तों की पवित्रता को भी हमेशा के लिए दागदार कर गया। अब देखना है कि फरार देवर कब पुलिस की गिरफ्त में आता है और इस खूनी मोहब्बत की आखिर कब होगी पूरी जांच-पड़ताल।

