प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के सीवान में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए राज्य को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। जल, रेल और बिजली से जुड़ी तमाम परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए उन्होंने बिहार के सुनहरे भविष्य की नींवऔर एनडीए सरकार के विजन को जनता के सामने रखा।
PM मोदी ने गर्व के साथ कहा कि अब बिहार सिर्फ देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि मसौढ़ी में बने रेल इंजन को अब अफ्रीका भेजा गया है , जहां वह वहां की पटरियों पर दौड़ेगा। उन्होंने कहा, “जो लोग बिहार को पिछड़ा बताकर छोड़ चुके थे, जिनकी नीतियों ने राज्य को जंगलराज और भ्रष्टाचार में धकेला, आज उसी बिहार से विकास का इंजन अफ्रीका तक पहुंच रहा है।”
जनसभा में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी ने बिहार में माफिया, गुंडाराज और लूटतंत्र को बढ़ावा दिया, जबकि एनडीए सरकार ने निवेश, उद्योग और बुनियादी ढांचे को मजबूती दी।
PM मोदी बोले, “इन दलों के शासन में ताले लगते थे रोजगार के द्वारों पर। आज हम ‘मेड इन इंडिया’ बिहार को गढ़ने में जुटे हैं। राज्य का नौजवान देख रहा है कि जमीन पर काम हो रहा है, और वो खुद इसका साक्षी बन रहा है।”
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में अब तक 57 लाख से ज्यादा पक्के घर बनाए जाने की बात भी साझा की। उन्होंने बताया कि सिर्फ सीवान जिले में ही 1.10 लाख से अधिक परिवारों को अपना पक्का घर मिल चुका है, और यह सिलसिला अभी भी जारी है।
उन्होंने कहा कि इन घरों में सिर्फ ईंट-पत्थर नहीं होते, बल्कि आशाएं, आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की नींव रखी जाती है।
PM मोदी ने अंत में कहा कि, “सेवा का मेरा सफर अब थमने वाला नहीं है। आने वाले वर्षों में तीन करोड़ और पक्के घर बनेंगे। मैं तब तक चैन की नींद नहीं सोऊंगा जब तक बिहार का हर गरीब अपने सपनों का घर ना पा ले। मोदी दिन-रात काम करता है और करता रहेगा।”
सीवान की धरती से PM मोदी ने बिहार को एक नई ऊर्जा दी, एक नया भरोसा दिया कि राज्य अब विकास के इंजन पर सवार हो चुका है और उसकी आवाज़ अब अफ्रीका तक सुनाई देगी। विपक्ष पर हमलावर होते हुए उन्होंने यह भी साफ किया कि अब बिहार को माफियाराज नहीं, बल्कि विकासराज की जरूरत है — और एनडीए इसके लिए पूरी तरह समर्पित है।

