Posted By : Admin

जिसे बहू मान बैठी थी मां, वो बनी सौतन: बेटे की मंगेतर को लेकर फरार हुआ बाप, रिश्तों को किया तार-तार!

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने सामाजिक रिश्तों की नींव को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपने नाबालिग बेटे की जबरन सगाई कराई और फिर उसी लड़की के साथ खुद फरार होकर निकाह कर लिया। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और गांव में हर ओर यही चर्चा है।
घटना रामपुर के बांसनगली गांव की है, जहां छह बच्चों के पिता शकील नाम के व्यक्ति ने अपने ही नाबालिग बेटे की शादी खेमपुर गांव की एक युवती से तय की। लेकिन यह रिश्ता जबरदस्ती ठोपा गया था, जिसे बेटे और परिवार ने नापसंद किया। बेटे के इनकार और पत्नी के विरोध के बावजूद शकील ने अपनी जिद नहीं छोड़ी।
शादी की बातचीत के बहाने शकील और युवती के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे सामान्य बातचीत से आगे बढ़कर देर रात वीडियो कॉल्स तक पहुंच गई। बेटे और पत्नी ने आपत्ति जताई, मगर शकील ने सबकी बात अनसुनी कर दी।
शकील के बेटे ने अपने पिता और उस युवती की बातचीत को मोबाइल में रिकॉर्ड किया। उसने साफ कहा कि वह इस रिश्ते से कभी राजी नहीं था और पिता की हरकतों से शर्मिंदा है। कुछ ही समय बाद शकील घर से नकदी, जेवर और युवती को लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, दोनों ने फरारी के कुछ दिनों बाद निकाह कर लिया।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि शकील के माता-पिता ने इस निकाह में उसका साथ दिया और लड़की के घरवालों ने भी कोई विरोध नहीं जताया। उधर, शकील की पत्नी अब अपने तीन बच्चों के साथ अकेली रह गई है।
शकील की पत्नी ने पुलिस से न्याय की मांग की है। उसका कहना है कि पति घर से दो लाख रुपये नकद और डेढ़ तोले सोना भी लेकर गया। टूटे हुए स्वर में उसने कहा, “जिस लड़की को बहू बनाना था, वही अब मेरी सौतन बन गई है। मेरे लिए इससे बड़ा धोखा क्या हो सकता है?”
यह घटना न सिर्फ रिश्तों को शर्मसार करती है, बल्कि सामाजिक मूल्यों और पारिवारिक मर्यादा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

Share This